उत्तराखंड से बड़ी खबर

अमित शाह के दौरे को लेकर परेड ग्राउंड पहुंचे धामी,तैयारियों का लिया जायजा

देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के परेड ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और जनसुविधाओं से जुड़ी तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि आयोजन में आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रवेश और निकास के लिए ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

धामी ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें। पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित रखने के साथ ही यातायात का संचालन इस तरह किया जाए कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों के साथ आम नागरिकों को भी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़े सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियां समय रहते तय कर लें और तैयारियों की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम का आयोजन सुचारु और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पांडेय सहित शासन और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!